फंदे से लटका मिला महिला का शव, हत्या का आरोप
-मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत तीन के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
अरनिया। थाना क्षेत्र के गांव बलराऊ में महिला का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
जिला अलीगढ़ के थाना माडराक स्थित गांव पला निवासी चंद्रपाल ने अपनी बेटी धर्मेश की शादी 7 मई 2017 को अरनिया थाना क्षेत्र के गांव बलराऊ निवासी टीलू के साथ की थी। मंगलवार देर शाम धर्मेश का शव घर में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मायके वाले मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि ससुराल के लोग दहेज की खातिर उनकी बेटी को परेशान करते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर इन लोगों ने फांसी पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां मुंद्रा देवी ने मृतक धर्मेश के पति टीलू, देवर सोनू और सास मिथलेश के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एचएन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।