व्यापारियों ने मंडी के मुख्य गेट पर लगाया ताला, प्रदर्शन
खुर्जा। नवीन मंडी के गेट के बाहर व्यापारी को गोली मारने की घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने मंडी गेट पर ताला लगाकर तौल बंद कर दी। साथ ही प्रदर्शन कर बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। क्षेत्रीय विधायक बिजेंद्र सिंह ने कहा कि एसएसपी ने उन्हें घटना के खुलासे के लिए 24 घंटे का आश्वासन दिया है। तौल नहीं होने से मंडी में लाखों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
मीरपुर निवासी आढ़ती रजत वार्ष्णेय खुर्जा के मोहल्ला डोरी में रहते हैं। बुधवार सुबह वह अपनी स्कूटी से मंडी जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रुपयों से भरा थैला लूटने की कोशिश की। विफल होने बदमाशों व्यापारी को गोली मार दी। घटना से गुस्साए मंडी व्यापारियों ने विरोध विरोध में मंडी गेट पर ताला लगा दिया। व्यापारियों ने तत्काल घटना का खुलासा करने व जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग करते हुए मंडी परिसर में प्रदर्शन भी किया। वहीं, क्षेत्रीय विधायक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण में उनकी एसएसपी से बात हो गई है। एसएसपी ने 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। कार्रवाई नहीं होने पर वह पूरे प्रकरण को सूबे के मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।