बाइक सवारों ने युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
सिकंदराबाद। घर के बाहर गाय को चारा डाल रहे युवक को शुक्रवार शाम बाइक सवार युवकों ने रंजीशन गोली मार दी। गोली युवक की गर्दन में लगने से वह घायल हो गया। परिजनों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला अशोक गली चौधरीवाड़ा निवासी सुरेशचंद ने बताया कि शाम करीब पांच बजे उसका पुत्र बबलू खटीक घर के बाहर गाय को चारा डाल रहा था। इस दौरान उन्होंने फायरिंग की आवाज सुनी। उसके बाद वह घर के बाहर निकले तो बबलू की गर्दन से खून बह रहा था। उसकी गर्दन में गोली लगी थी। उन्होंने बाइकों पर कुछ युवकों को भागते हुए देखा। बताया कि घायल बबलू को सीएचसी सिकंदराबाद में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर कोतवाल अवनीश कुमार गौतम पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। कोतवाल ने बताया कि युवक के परिजनों ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रंजीशन गोली मारने की तहरीर दी है। पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं।