ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नरौरा। कलोनी गेट के पास राजघाट रोड पर ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक की जेब से मिले कागजात से पुलिस ने युवक की पहचान की। मृतक अपनी चचेरी बहन के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था।
एसएचओ देवकीनदंन राजपूत ने बताया कि नरौरा-राजघाट मार्ग पर कालोनी गेट के पास राजघाट से नरौरा की ओर आ रहे ईंटों से भरे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की ट्रैक्टर से कुचल कर मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक की जेब मिले कागजात के आधार पर मिले नाम पते के बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त सुशील कुमार पुत्र राजवीर (27) निवासी ग्राम औरंगाबाद कसेर थाना डिबाई के रूप में की। बताया गया कि मृतक अपनी चचेरी बहन की मृत्यु के बाद उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने राजघाट जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।