नगर क्षेत्र में बर्तन व्यापारी के 21 लाख रुपये चोरी हो गए। बर्तन व्यापारी ने एक कार चालक पर चोरी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। बर्तन व्यापारी सुनील अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह मार्च की रात वह दिल्ली से जहांगीराबाद परिवार सहित आए थे।
वह दिल्ली से 21 लाख रुपये लेकर आए थे। शाम को कार से उतरने के बाद वह घर चले गए लेकिन रुपयों से भरा बैग कार में ही भूल गए। बाद में जब चालक प्रवीन पुत्र अमरीश निवासी गांव नवीनगर से संपर्क किया तो उसने कार में रुपये देने से इनकार कर दिया। कोतवाल श्यामवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बड़ा महादेव मंदिर में दिनदहाड़े चोरी
प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर स्थित देवी दरबार का ताला तोड़कर चोरों ने बृहस्पतिवार को मंदिर परिसर में रखे दो दानपात्र से हजारों की नकदी चोरी कर ली। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने मंदिर जाकर मौका मुआयना किया है। पं. सजय शर्मा के अनुसार मंदिर में कार्यरत सेवादार तथा वह बृहस्पतिवार को बुलंदशहर तारीख पर गए थे।
उन्हें फोन पर मंदिर में चोरी की सूचना मिली, तब उन्होंने मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी। वह तथा मंदिर समिति के लोग पुरुषोत्तम चौधरी, राम गर्ग, राकेश गुप्ता, अशोक कंसल, राजेश अग्रवाल, रवि वर्मा आदि मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मंदिर शाम करीब साढ़े चार बजे खुलता है, इससे पहले ही चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। इससे पूर्व बता दें कि करीब एक वर्ष पूर्व भी देवी मंदिर से मुकुट चोरी हुए थे।