एचटीलाइन की चपेट में आया अधेड़, मौत
खुर्जा। मकान से होकर गुजर रहे एचटी लाइन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उधर विद्युत निगम की लापरवाही पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने मकान से गुजर रहे एचटीलइन हटवाने की मांग की। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार सुबह गांव कमालपुर भदौरा निवासी महेन्द्र सिंह (55) अपने मकान की छत पर घूम रहे थे। अचानक मकान से होकर जा रही एचटीलाइन की चपेट में वह आ गए और झुलस गए। घटना के बाद परिजनों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने महेन्द्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों का गुस्सा विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ फूट पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि मकान के पास से जा रहे एचटी लाइन के तार काफी जर्जर हो चुके हैं। कई बार अधिकारियों से इसे हटाने की मांग की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हंगामा करते हुए ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए एचटी लाइन को हटाने और जर्जर तारों को ठीक कराने की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को प्रशासन से आर्थिक मदद दिलाने की मांग की। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई ने पुलिस में तहरीर दी है।