ककोड़ से खल खरीदने जा रहे दो किसानों से बदमाशों ने निठारी गांव के पास तमंचे के बल पर 20 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने दोनों किसानों की पिटाई कर अधमरा कर दिया।
पीड़ितों ने चौकी पर तहरीर दी है। निठारी गांव निवासी राहुल पुत्र सतीश और गौरव पुत्र लटूर ने पुलिस को बताया कि वह किसान हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2 बजे वह पशुओं के लिए खल खरीदने ककोड़ जा रहे थे।
जैसे ही दोनों निठारी और फतहपुरजादों के जंगल में पहुंचे तमंचे से लैस चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट करने लगे। विरोध किया तो बदमाशों ने हवाई फायर कर मारपीट की।
इस दौरान लुटेरों ने उनसे 20 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग की तो लेकिन बदमाशों को कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ितों ने चोला चौकी पहुंचकर लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है।