ट्राली के नीचे कुचलने से मासूम की मौत
चोला। खेलते हुए अचानक ट्राली के नीचे घुसने से कुचलकर मासूम की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।
चौकी क्षेत्र के गांव कादिलपुर निवासी पुलकित शर्मा (3वर्ष) पुत्र लवकेश शर्मा रविवार को अपने घेर में खेल रहा था। बताया गया कि लवकेश का बड़ा भाई बाहर से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर आया था। ट्रैक्टर ट्राली को गेट पर रोककर वह रास्ते में खड़ी स्कूटी को हटाने के लिए उतर गया। इसी दौरान वहां खेल रहा पुलकित ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे घुस गया। किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली चली। पुलकित उसके नीचे कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन मासूम को उपचार के लिए बुलंदशहर की ओर दौड़े। बताया गया कि गंभीर रूप से घायल मासूम की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलकित की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शिक्षामित्र पिता, मां, व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों, परिचितों, रिश्तेदारों का तांता लगा हुआ है। वहीं पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। ब्यूरो