गेहूं की बोरियों से भरा टेंपो पलटा, युवक की मौत
पहासू। क्षेत्र के गांव साबितगढ़ के पास बुधवार दोपहर गेहूं की बोरियों से लदा टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो में बैठे युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों पुलिस कार्रवाई से इंकार कर शव अपने साथ ले गए।
बुधवार दोपहर गांव पला निवासी शाहरुख (20) पुत्र इदरीश कस्बे से गेहूं से लदे टेंपो में बैठकर करौरा गांव की तरफ जा रहा था। तभी साबितगढ़ गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो के नीचे दबकर शाहरुख की मौत हो गई। घटना को देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर शाहरुख के शव को बाहर निकाल पुलिस को घटना की सूचना दी। उधर, जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे परिजन पुलिस कार्रवाई से मना करते हुए शव को अपने साथ ले गए। मृतक शाहरुख इस बार 11वीं पास करके 12वीं में प्रवेश किया था। ब्यूरो