एक्सपायरी बिस्किट-टाफी का तस्कर माल सहित गिरफ्तार
बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ मिलकर बृहस्पतिवार देर शाम बीसा कालोनी से एक्सपायरी बिस्किट-टाफी आदि के तस्कर को माल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार कुंवर ने तहरीर देकर बताया कि उन्हें व उनके अन्य साथी यशपाल सिंह यादव, मनोज कुमार व धनंजय सिंह को सूचना मिली कि एक व्यक्ति टाटा ऐस गाड़ी में बेस्ट बिफोर तिथि समाप्त हो चुके बिस्किट व टॉफी बेच रहा है। मुखबिर की सूचना के आधार पर बीसा कालोनी स्थित ट्रांसफार्मर के पास पहुंच कर उन्होंने गाड़ी व उसमें सवार एक व्यक्ति को दबोच लिया। आरोपी की शिनाख्त आसिफ पुत्र जुम्मा निवासी मोहल्ला सराय काजी नगर कोेतवाली के रूप में हुई। साथ ही गाड़ी से एक बोरे में पतंजलि के दूध डिलाइट बिस्किट एक्सपायरी डेट निकल चुकी है, पतंजलि दूध बिस्किट इनकी भी एक्सपायरी निकल चुकी है, पतंजलि बटर कुकीज की बोरी, लोटे कोकोनट मंच टाफी, लोटे चेविट्स मैंगो फ्लेवर्ड चीऊ टाफी, प्रान हजोम कैंडी, इसके अलावा तीन गत्तो में भरे अलग अलग बिस्किट के पैकेट, इन सभी की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। आरोपी इनकी तस्करी कर रहा था। टीम ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। नगर कोतवाल नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।