संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता पुत्र संग लापता
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता बीते दिनों अपने पुत्र के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मामले में विवाहिता की मां ने दो युवकों पर अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आ रहा है।
अरनिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित महिला ने बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी बुलंदशहर नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ की थी। शादी के बाद उसकी पुत्री ने एक पुत्र को भी जन्म दिया था। पीड़िता ने बताया कि गत 5 जून को उसकी पुत्री अपने पुत्र को साथ लेकर बाजार जाने के लिए गई थी। लेकिन, देर शाम तक भी दोनों घर वापस नहीं लौटे काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। मामले में पीड़िता ने आरोपी युवक अमित निवासी सैय्यदपुर थाना शिकारपुर व सोनू निवासी गांव ऐदलपुर थाना कोतवाली देहात के खिलाफ पुत्री व उसके पुत्र को अपहरण करने की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। साथ ही पीड़िता ने मां-बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी व्यक्त की है। नगर कोतवाल नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।