ट्रैक पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौतमबुद्धनगर के थाना रबुपुरा क्षेत्र के गांव कादलपुर निवासी जब्बार (32) पुत्र मुंशी पत्नी और बच्चों के साथ बुलंदशहर की बीसा कालोनी में किराए पर रहता था। बताया गया कि जब्बार निजी होटलों में वेटर का काम करता था। बृहस्पतिवार देर रात को जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। इसी बीच देर रात नगर कोतवाली पुलिस को एक युवक की मऊखेड़ा फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को ट्रेन की पटरी पर फेंकने की आशंका जताई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों ने हत्या के संबंध में तहरीर नहीं दी है। एसएसआई सत्यवीर सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।