ओएलएक्स पर खरीदा सोफा हो गई ठगी
बुलंदशहर। ओएलएक्स पर एक युवक से सोफा खरीदने के नाम पर 13500 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला बालाजी कालोनी, राम विहार निवासी संजीव कुमार शर्मा ने नगर कोतवाली में बृहस्पतिवार शाम को तहरीर देकर बताया कि उसने ओएलएक्स पर सोफा सेट बेचने के लिए प्रचार डाला हुआ था। सोफा खरीदने के लिए एक व्यक्ति ने उनसे फोन पर सौदा किया था। सौदा 8500 रुपये में तय हुआ था। पीड़ित ने आरोपी से एडवांस देने के लिए कहा था, जिस पर आरोपी ने खुद को आर्मी में बताया और रुपये वाउचर के माध्यम से देने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को झांसे में लेकर अपने एक साथी के खाते में 13,500 रुपये ट्रांसफर करा लिए और इसके बाद आरोपी ने 13500 और 8500 रुपये वाउचर से देने की बात कही थी। जिसके बाद पीड़ित ने आरोपी से रुपये मांगे तो आरोपी ने फोन काट दिया। पीड़ित ने व्हाट्सअप पर भी आरोपी से रुपये की मांग की। जिस पर आरोपी ने धमकी दी।