कार चालक ने किशोरी समेत दो महिलाओं को मारी टक्कर
ऊंचागांव। कस्बे में बुधवार सुबह चारा लेकर घर लौट रही दो महिलाओं सहित एक किशोरी को तेज गति से आ रहे कार चालक ने टक्कर मार दी। तीनों को गंभीर हालत में सीएचसी पर उपचार के लिये भर्ती कराया, जहां से गम्भीर हालत में तीनों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया है।
बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे ऊंचागांव निवासी राकेश पत्नी स्व. सुभाष सिंह, मुनेश पत्नी दयाचंद, पूजा पुत्री दयाचंद पशुओं का चारा लेकर खेत से पैदल ही घर लौट रही थीं। पेट्रोल पंप के निकट ऊंचागांव से अमरगढ की तरफ तेज गति से जा रहे कार चालक ने तीनों को टक्कर मार दी। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के द्वारा तीनों को सीएचसी पर उपचार के लिये भर्ती कराया। चिकित्सक अनुज चतुर्वेदी ने बताया कि तीनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। ऊंचागांव चौकी प्रभारी अनोखे पुरी ने बताया कि घटना के बाद कार चालक फरार हो गया। मौके से कार व उसमें बैठे एक युवक को हिरासत में लिया है। घटना की कोई तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।