रंजिशन युवक व उसके साथी पर जानलेवा हमला
बुलंदशहर। ककोड़ थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने अब एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
ककोड़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी ठाकुरान निवासी फरमान पुत्र शहीद खां ने सोमवार को एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि बीते दिनों वह अपनी कार खड़ी कर एक दुकान से सामान खरीद रहा था। इसी दौरान एक युवक ने उनकी खड़ी कार में पीछे से टक्कर मार दी। पीड़ित ने इस बाबत जब उक्त बाइक सवार से इसका विरोध किया तो आरोपी कहासुनी पर उतारू हो गया। जिसके बाद से आरोपी युवक पीड़ित से रंजिश मानने लगा। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने गत 18 मई की देर शाम पीड़ित को रास्ते में रोक लिया, इस दौरान पीड़ित का साथी रिजवान भी साथ में था। आरोप है कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित व उसके साथी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। साथ ही हत्या के इरादे से फायर भी किया। जिसमें पीड़ित बाल-बाल बच गया। शोर लोगों को आता देख आरोपी मौके से पीड़ित को हत्या की धमकी देकर भाग निकले। आरोप है कि पीड़ित की शिकायत पर ककोड़ थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी एन कोलांचि ने पीड़ित को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ब्यूरो