जुर्म की दुनिया के साथी ने ही उतार दी सीने में गोली
बुलंदशहर। जिस साथी ने जुर्म की दुनिया में साथ-साथ कदम रखा उसी साथी ने कैलाश के सीने में गोली उतार दी। मृतक कैलाश और आरोपी हरीश कभी एक दूसरे के खासमखास हुआ करते थे। बीते दिनों से रुपये के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद इस दोस्ती को तोड़ मौत के कठघरे तक पहुंच गया।
अहमगदढ़ थाना क्षेत्र के गांव भेलई निवासाी कैलाश ने पड़ोसी गांव नगला हरूप निवासी हरीश के साथ जुर्म की दुनिया में कदम रखा था। दोनों साथ-साथ वारदातों को अंजाम दिया करते थे। कई मामलों में दोनों आरोपी एक साथ जेल भी जा चुके हैं। यही नहीं दोनों ही आरोपी अहमदगढ़ पुलिस के हिस्ट्रीशीटर भी थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि घटना में नामजद अलीगढ़ निवासी आरोपी तनुज और कैलाश के बीच जमीन संबंधित कोई विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीते दिनों से कैलाश अपने साथी हरीश और तनुज से अपने तीन लाख रुपये की मांग कर रहा था। इसे लेकर पूर्व में भी दोनों के बीच विवाद हो चुका है। देखते ही देखते कैलाश और हरीश के बीच दूरियां बढ़ गई थी। माना जा रहा है कि इसी विवाद के कारण शुक्रवार रात को हरीश व उसके साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस अभी मामले में जांच की बात कह रही है। जांच के बाद ही इसमें कुछ कहा जा सकता है।