मजिस्ट्रेटी जांच में तीन बयान हुए दर्ज
बुलंदशहर। चिंगरावठी बलवे को लेकर चल रही मजिस्ट्रेटी जांच में अब तक सिर्फ तीन बयान दर्ज हुए हैं। घटना के बाद डीएम ने एडीएम प्रशासन को मजिस्ट्रेटी जांच के निर्देश दिए थे। एविडेंस के लिए पांच दिसंबर को गजट जारी किया गया था।
बता दें कि स्याना क्षेत्र के गांव महाब में कथित गोवंशों के अवशेष मिलने की सूचना के बाद चिंगरावठी चौकी पर जमकर बवाल हुआ था। बवाल में स्याना कोतवाल और चिंगरावठी गांव निवासी युवक सुमित की मौत हो गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम अनुज कुमार झा ने तत्काल एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र को मजिस्ट्रेटी जांच के लिए मनोनीत किया था। एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में अभी तक तीन लोगों ने बयान दिए हैं। पांच दिसंबर को इसके लिए गजट जारी किया था लेकिन अभी तक साक्ष्य को लेकर कोई नहीं आया। एडीएम ने कहा कि चिंगरावठी बलवे से संबंधित किसी के पास मौखिक लिखित या अन्य प्रकार का कोई साक्ष्य है तो वह प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जांच पूरी कर रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।
-------