आईएसआई प्रकरण: रिमांड पर पुलिस ने जाहिद से की पूछताछ
बुलंदशहर। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े आरोपी को देहात कोतवाली पुलिस ने शनिवार सुबह नौ बजे जिला कारागार से पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की। शनिवार को भी दिन भर आरोपी से थाने में पुलिस व खुफिया और इंटेलीजेंस विभाग की टीमों ने पूछताछ की।
शुक्रवार देर रात देहात कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने इंटेलीजेंस ब्यूरो के इनपुट पर भूड़ चौराहे के पास से एक संदिग्ध को दबोचा था। उसकी शिनाख्त खुर्जा निवासी जाहिद के रुप में हुई थी। आरोपी मेरठ कैंट प्रतिबंधित क्षेत्र समेत अन्य मुख्य दस्तावेज व जानकारियां आईएसआई को भेज रहा था। एक एजेंट के रुप में काम करते हुए उसके पास से पुलिस ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए थे। शनिवार देर शाम उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। रविवार सुबह कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद पुलिस ने उसे तीन दिन की रिमांड पर ले लिया है। सुबह जिला कारागार से पुलिस उसे सीधे थाने लेकर पहुंची, जहां उससे पुलिस टीम, इंटेलीजेंस ब्यूरो, मिलिट्री इंटेलीजेंस, एटीएस समेत अन्य स्थानीय एजेंसियों ने दिनभर पूछताछ की है। सूत्रों की मानें तो आरोपी ने कुछ महत्वपूर्ण तथ्य बताए हैं। जल्द ही उसके अन्य साथियों से भी पूछताछ की जा सकती है।
कोट..
- जाहिद को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। विभिन्न एजेंसियों ने भी पूछताछ की है। कुछ भी इनपुट मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। - तपेश्वर सागर, निरीक्षक देहात कोतवाली