नलकूप पर सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या
नरौरा/रामघाट। रामघाट क्षेत्र के ग्राम बझैड़ा में नलकूप पर सो रहे एक किसान की गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान खेत पर मौजूद किसान का भाई शौच करने गया था। गोली की आवाज सुनकर जब तक वह मौके पर पहुंचा तब तक हत्यारे भाग गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार रात रामघाट थाना क्षेत्र के ग्राम बझैड़ा निवासी नेम सिंह (47) अपने भाई छोटेलाल के साथ गांव से कुछ दूर अपने नलकूप पर सोने गए थे। छोटेलाल के मुताबिक आधी रात के बाद वह शौच को जंगल में चले गए। इस दौरान किसी ने सो रहे नेम सिंह को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर छोटेलाल मौके की ओर भागे। नलकूप पर आकर देखा तो गोली लगने से नेम सिंह लहूलुहान पड़ा था। घबराकर छोटेलाल ने गांव में लोगों को घटना की जानकारी दी। काफी संख्या में ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर रामघाट पुलिस एवं सीओ राघवेंद्र मिश्रा भी पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र लोकेश कुमार की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव पीएम को भेजकर मामले में जांच शुरू कर दी गई है।