ट्रिपल मर्डर: हत्यारोपी जेठ गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पति फरार
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बीते दिनों हुई सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी जेठ को दबोच लिया है, नामजद आरोपी पति अभी भी पुलिस के चंगुल से दूर है। पूछताछ में सामने आया है कि ट्रिपल मर्डर की घटना अवैध संबंध और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के चलते अंजाम दी गई।
एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि ट्रिपल हत्याकांड के मामले में मृतका के पिता रामरतन पुत्र ननुआ निवासी गांव दरियापुर थाना कोतवाली देहात ने नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया था कि उसकी पुत्री रूबी अपने दो मासूम बच्चों के साथ नगर के मोहल्ला गिरधारीनगर में किराए के मकान में रह रही थी। 30 अगस्त की सुबह मृतका का पति रामकुमार व जेठ रामरतन भी रूबी के कमरे में मौजूद थे। आरोपी दामाद व उसके भाई ने अपनी मां लज्जावती व छोटे भाई गुलशन के कहने पर रूबी की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने दोनों मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा और उनका भी गला रेत कर मौत के घाट उतार दिया था। एसपी सिटी डा. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह नगर पुलिस ने आरोपी जेठ रामरतन को मुखबिर की सूचना पर कचहरी के पास से दबोच लिया है। आरोपी से पूछताछ और अब तक की जांच में सामने आया है कि मृतका के पति रामकुमार, जेठ रामरतन, सास लज्जावती व देवर गुलशन के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसमें मृतका रूबी भी अपना हिस्सा मांगती थी। मृतका रूबी द्वारा अपने देवर गुलशन की शादी में तीन लाख रुपये उधार दिलवाए थे। जिसमें से करीब डेढ़ लाख रुपये वापस कर दिए गए थे। शेष डेढ़ लाख रुपये वापस करने का मृतका रूबी बार-बार दबाव बना रही थी। इसके अलावा मृतका बिना बताए घर से कहीं भी चली जाती थी। उसके अपने जेठ रामरतन से भी अवैध संबंध थे। इन सभी कारणों के चलते रूबी व उसके पति के बीच झगड़ा होता रहता था। बीते 30 अगस्त की सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद रामकुमार व रामरतन ने रूबी की गला रेतकर हत्या कर दी थी। दोनों मासूम बच्चों ने मां का कत्ल होते हुए देख लिया था, इस कारण आरोपियों ने उनकी भी गला रेतकर हत्या कर दी। एसपी सिटी ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जबकि, रामरतन को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।