पुलिस ने दी दबिश, छत से कूदकर घायल हुआ लुटेरा चांद
बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला नरसल घाट से एक लुटेरे को दबोचने के लिए रविवार रात उसके घर पर दबिश दी। पुलिस को देख आरोपी छत से कूदकर भागने लगा, लेकिन कूदते समय उसके एक पैर की हड्डी टूट गई और वह गिर पड़ा। घायलावस्था में पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
बता दें कि करीब छह माह पूर्व कोतवाली देहात की नई मंडी चौकी क्षेत्र में स्याना रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने रामा डेयरी के मुंशी की कार को ओवरटेक कर रोक लिया था। साथ ही आरोपियों ने कलेक्शन कर लौट रहे मुंशी से करीब दस लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। बीते दिनों पुलिस ने मामले में दो बदमाशों को दबोच कर लूट की वारदात का खुलासा कर दिया था। मामले में तीसरा लुटेरा चांद निवासी नरसलघाट, नगर कोतवाली फरार चल रहा था। पुलिस ने रविवार को सूचना मिलने पर आरोपी के घर दबिश दी, तो पुलिस को देख आरोपी छत से कूदकर भागने लगा। छत से कूदने के दौरान आरोपी के एक पैर की हड्डी टूट गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घायलावस्था में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपी चांद पर विभिन्न थानों में लूट के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।