महिला सुरक्षा के लिए फिर सक्रिय हुआ एंटी रोमियो दल
- एसपी सिटी ने बैठक में दिया दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार ने एंटी रोमियो दल का गठन किया था। लेकिन, यह दल शुरूआती दिनों में सक्रिय रहने के बाद फिर ठंडे बस्ते में नजर आने लगा था। एक बार फिर एसपी सिटी ने बैठक में एंटी रोमियो दल को सख्त दिशा निर्देश देकर मुस्तैदी से ड्यूटी करने का पाठ पढ़ाया है।
बता दें कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही महिला सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए एंटी रोमियो दल को गठन किया गया था। लेकिन, शुरूआती दिनों में ही यह दल सक्रिय नजर आया उसके बाद ठंडे बस्ते में चला गया। वहीं बुधवार देर शाम को एसपी सिटी डा. प्रवीन रंजन सिंह ने पुलिस लाइन सभागार कक्ष में सभी एंटी रोमियो स्क्वायड प्रभारियों व कर्मचारियों की बैठक ली और उन्हें दल के कर्तव्यों का पाठ पढ़ाया। एसपी सिटी ने सख्त निर्देश दिए कि एंटी रोमियो टीम अपने क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों पर सादे वस्त्रों में निर्धारित समय पर प्रतिदिन जाएंगे। मनचलों की हरकतों की जानकारी करने के लिए पहले से महिला आरक्षियों को सादे वस्त्रों में तैनात किया जाए। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसपी सिटी ने सख्त कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी है।