वसीम आत्महत्या कांड : कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
- पीड़ित पिता ने आरोपी पत्नी व उसके मायके वालों पर लगाया था आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
स्याना। थाना क्षेत्र निवासी युवक ने बीते दिनों जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। मृतक के पिता ने पुत्रवधू व उसके मायके वालों पर आरोप लगाया था कि पत्नी और ससुरालियों की पिटाई से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या की है। पुलिस द्वारा सुनवाई न करने पर पीड़ित पिता ने न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव बीहटा निवासी नसीम पुत्र हकीमुल्ला ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पुत्र वसीम की शादी दो अप्रैल-2018 को सबा पुत्री इलियास निवासी मोहल्ला लाल बाग अंसारी रोड थाना हसनपुर, अमरोहा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सबा का व्यवहार पति व ससुरालियों के प्रति ठीक नहीं था। 16 जून 2018 को वसीम अपनी पत्नी सबा को लेकर उसके गांव हसनपुर गया था। आरोप है कि वहां सबा, उसके पिता, भाई आदि सब एक हो गए और वसीम की जमकर पिटाई कर दी थी। इसके बावजूद सबा अपने पति वसीम के साथ वापस ससुराल नहीं आई थी। मारपीट से क्षुब्ध होकर वसीम ने 18 जून को अपने गांव में जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई थी। पीड़ित पिता ने थाने में भी तहरीर दी थी। लेकिन थाना पुलिस के कार्रवाई न करने पर पीड़ित ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद भी मामले में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली थी। मामले में न्यायालय ने थाना पुलिस को आरोपी पत्नी सबा, उसके पिता इलियास, असद, गालिब, नन्ने, सबिस्ता और सबा के बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। एसओ स्याना ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।