जहर देकर विवाहिता की हत्या
अहमदगढ़।
थाना क्षेत्र के गांव गेहू का नगला निवासी विवाहिता की ससुरालियों ने जहर देकर हत्या कर दी। आरोप है कि आए दिन ससुराली महिला को दहेज के लिए परेशान करते थे। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपी फरार हैं।
कस्बा रबूपुरा जनपद गौतमबुद्धनगर निवासी पवन मीणा पुत्र सुरेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ वर्ष पूर्व उसकी बहन पूनम (28) की शादी नाहर सिंह निवासी ग्राम गेहू का नगला के साथ हुई थी। शादी के दौरान अपनी सामर्थ्य अनुसार उन्होंने दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन उससे खुशी नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन वह उसकी बहन को मारते-पीटते थे। आरोप है कि बुधवार शाम को पति समेत अन्य ससुरालियों ने उसकी बहन को मारा-पीटा औैर पूनम को कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। पूनम की तबीयत बिगड़ने पर गांव निवासी उसकी दूसरी बहन और उसके पति ने ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुुबह उसकी मौैत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि महिला के पति नाहर सिंह समेत जेठ सोमवीर, हलवीर, गुरबचन और विष्णु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।