मासूम पर गिरा बिजली का खंभा, मौत
बिजली निगम की लापरवाही से हादसा, रास्ते पर लगा दिया खंभों का ढेर
अमर उजाला ब्यूरो
शिकारपुर (बुलंदशहर)। बिजली निगम की लापरवाही के चलते सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव कैलावन में मासूम की खंभे के नीचे दबकर मौत हो गई। निगम ने लाइन बिछाने के लिए लगाए जाने वाले खंभों का ढेर रास्ते के किनारे लगा दिया था। सोमवार सुबह ढेर से एक खंभा अचानक गिरने से मासूम इसकी चपेट में आ गया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा तहरीर दी है।
सलेमपुर के गांव कैलावन निवासी प्रेम सिंह जाटव का नौ वर्षीय बेटा बादल सोमवार सुबह घर से शौच के लिए खेत पर गया था। कुछ देर बाद परिजनों को कुछ ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनका बेटा सहकारी समिति गोदाम के सामने रखे बिजली के खंभों के ढेर के पास एक खंभे के नीचे दब गया है। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचकर मासूम को खंभे के नीचे से निकालकर सीएचसी ले गए। यहां चिकित्सकों ने हालत ज्यादा गंभीर देख उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही मासूम की मौत हो गई। सलेमपुर थाना प्रभारी श्यौपाल सिंह ने बताया कि बच्चा सुबह शौच के लिए खेत पर गया था। अभी तक यह पता नहीं लग सका है कि आखिर बच्चे के ऊपर खंभा कैसे गिरा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के दौरान बच्चे की एक बाजू व गर्दन की हड्डी टूट गई थी। मामले की तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है।