किशोरी लापता, अपहरण की आशंका
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र निवासी एक किशोरी दो दिन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। रविवार को उसके परिजनों ने पड़ोसी युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नई मंडी चौकी क्षेत्र निवासी एक किशोरी कक्षा 11 की छात्रा है। उसके भाई ने बताया कि शुक्रवार शाम को उसकी बहन दुकान से कुछ सामान खरीदने के लिए गई थी, काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने दुकान पर पहुंच कर पूछताछ की तो पता चला कि किशोरी वहां पहुंची ही नहीं थी। परिजनों ने रात भर नाते रिश्तेदारी, उसकी सहेलियों के यहां भी पूछताछ की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने बताया कि शनिवार देर शाम पड़ोस में ही रहने वाले एक बच्चे ने उन्हें बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनकी किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने आरोपी युवक के घर जाकर पूछताछ की तो वह भी लापता मिला। उसके परिजनों ने उल्टा किशोरी के परिजनों को धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित पक्ष ने रविवार को पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकी इंचार्ज नवीन भाटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।