सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के पति को पुलिस ने दी धमकी
बुलंदशहर। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र निवासी दुष्कर्म पीड़ित महिला के पति को एसएसपी से शिकायत करना भारी पड़ गया। आरोप है कि एसएसपी के आदेश पर जब पीड़ित सिकंदराबाद थाने कार्रवाई की मांग करने पहुंचा तो एक पुलिस अधिकारी ने उसके साथ जमकर अभद्रता की और पत्नी व बच्चों से भीख मंगवाने तक की धमकी दे डाली। पीड़िता ने डीएम से न्याय की गुहार लगाते हुए आत्महत्या की गुहार लगाई है।
सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला निवासी दुष्कर्म पीड़ित महिला ने शुक्रवार को डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि बीते 11 मई को क्षेत्र निवासी आरोपी असद, कलाम, साजिद, आबाद, मोईन, हाजी इमरान ने जबरदस्ती पीड़िता को खींचकर एक दुकान में बंद कर लिया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें की और एक आरोपी ने दुष्कर्म भी किया। इसके बाद आरोपियों ने शिकायत करने पर भी पीड़िता व उसके परिजनों के साथ घर में घुसकर मारपीट की थी। बीते दिनों पीड़िता ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई थी। जिस पर एसएसपी ने पीड़ित पक्ष को सिकंदराबाद थाने पर पहुंचने के लिए कहा था। जब पीड़िता का पति थाने पहुंचा तो थाने पर तैनात एक अधिकारी ने उसे आड़े हाथों ले लिया और उसके साथ जमकर अभद्रता की। साथ ही इस दौरान आरोपी पुलिस अधिकारी ने पीड़ित की पत्नी से गंदा काम कराने व बच्चों से भीख मंगवाने की धमकी तक दे डाली। डरे सहमे पीड़ित ने अब डीएम से मामले में उचित जांच करा कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।