गौ तस्करों ने की पुलिस पर फायरिंग, तीन क्विंटल गौ मांस बरामद
औरंगाबाद। गश्त के दौरान बृहस्पतिवार देर रात पुलिस की कार सवार गौ तस्करों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गौ तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग कर बदमाशों को खदेड़ दिया। पुलिस ने गौ तस्करों की कार से 315 बोर के दो तमंचे और तीन क्विंटल गौ मांस बरामद किया है। पशु चिकित्सक ने गौ मांस के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे हैं।
देर रात करीब दो बजे एसओ औरंगाबाद पुलिस फोर्स के साथ औलीना के जंगलों में गश्त कर रहे थे। इस दौरान बुलंदशहर की ओर से आती सेंट्रो कार को टार्च दिखाकर उसे रोकने का इशारा किया तो कार सवारों ने सेंट्रो को वहां से दौड़ा दिया। वहीं गांव रजवाना के पास कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। बाद में पुलिस ने बदमाशों पर जब जवाबी फायरिंग की तो बदमाश कार को जंगल में छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके भाग गए। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान दो तमंचे और करीब तीन कुंतल गोमांस मिला है। एसओ औरंगाबाद ने बताया कि फरार हुए गौ तस्करों की तलाश की जा रही है।