फैंटम पुलिस ने मारपीट कर लूटी नगदी
- स्याना थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित ने बहादुरगढ़ चौेकी पुलिस पर लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
स्याना। थाना क्षेत्र से सटी हापुड़ की बहादुरगढ़ चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर मारपीट व नगदी लूटने का आरोप लगा है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि परमिशन मिलने के बाद वह खनन कर रहे थे। लेकिन, बहादुरगढ़ चौकी पुलिस उसे मारपीट कर अपने साथ ले गई और हजारों रुपये लूट लिए। पीड़ित ने थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
स्याना थाना क्षेत्र के गांव वीरेंद्र सिंह पुत्र लल्लू सिंह ने बताया कि उनके पास अपने क्षेत्र में मिट्टी खनन की परमिशन है। बृहस्पतिवार देर रात वह गांव लौंगा क्षेत्र में अपने साथियों संग मिट्टी उठा रहे थे। इस दौरान बहादुरगढ़ पुलिस चौकी की फैंटम के सिपाही मौके पर पहुंचे और खनन संबंधित कागजातों की मांग की। जिस पर पीड़ित ने कागजात दिखा दिए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कागजात अपने पास रख लिए और पीड़ित व उसके साथियों संग मारपीट करने लगे। आरोप है कि इस दौरान चौकी इंचार्ज भी अन्य पुलिसकर्मियों संग मौके पर पहुंच गए और जमकर मारपीट कर थाने ले गए। जहां आरोपी पुलिसकर्मियों ने जेब में रखे करीब 81 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही एक कोरे कागजात पर दस्तखत भी करा लिए और धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर स्याना थाना प्रभारी अल्ताफ अंसारी ने बताया कि जांच की जा रही है। तहरीर मिल चुकी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------