इसराइल हत्याकांड: 36 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस के चंगुल से दूर
- रविवार देर रात लोडर वाहन चालक की हत्या कर फेंक दिया गया था शव
- बुलंदशहर निवासी दो सगे भाईयों पर परिजनों ने लगाया था हत्या का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव चावली में रविवार देर रात हुए इसराइल हत्याकांड में पुलिस को अभी तक कोई खास सफलता नहीं मिली है। मामले में दोनों नामजद आरोपी अभी भी पुलिस के चंगुल से दूर हैं। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार इसराइल की मौत गंभीर चोटों के कारण होना आया है।
बता दें कि रविवार देर रात देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव चावली निवासी इसराइल की हत्या कर शव को गांव निवासी शौकत के मुर्गी फार्म के पास फेंक दिया गया था। मामले में मृतक के भाई ने बुलंदशहर के मोहल्ला मनिहारों वाली गली निवासी दो सगे भाइयों राजू और फिरोज के खिलाफ तहरीर देकर हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए योजना तैयार की थी। लेकिन, आरोपियों की गिरफ्तारी की योजना विफल नजर आ रही है। 36 घंटे से भी अधिक का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। वहीं दूसरी ओर मंगलवार को इसराइल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई। जिसमें मौत का कारण सिर व पेट पर गंभीर चोट आने से हुई है। वहीं देहात कोतवाल तपेश्वर सागर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही फरार दोनों आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।