संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, दी तहरीर
बुलंदशहर (डिबाई)। कोतवाली की धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गांव उदयपुर में सोमवार शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मायके वालों ने मृतका के ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले में समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
भरत सिंह पुत्र किशोरी लाल निवासी लच्छमपुर थाना अनपूशहर ने तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्र राजवती (22) की शादी बीते 27 फरवरी को धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गांव उदयपुर निवासी युवक के साथ की थी। लेकिन, ससुरालीजन शादी में मिले दान दहेज से खुश नहीं थे। इस कारण आरोपी आए दिन उनकी बेटी का उत्पीड़न करते रहते थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर सोमवार शाम आरोपियों ने उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलने सीओ डिबाई राघवेंद्र मिश्रा समेत पुलिस फोर्स घटना स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ ने बताया कि मामले की तहरीर मिल चुकी है। जांच की जा रही है। आरोपी ससुरालीजन घर से भाग गए हैं। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।