जोरदार धमाके के साथ घर में फटा सिलेंडर, बड़ा हादसा टला
- धमाके की आवाज से लोगों में मची अफरातफरी, दर्जनों सिलिंडर बरामद
- कारों में गैस रिफिलिंग का चल रहा था धंधा, जांच में जुटी पुलिस
खुर्जा।
जेवर अड्डा चौराहा स्थित एक मकान में जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। धमाके से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि मौके पर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस पहुंच गई। इस दौरान घर के अंदर से करीब एक दर्जन सिलिंडर बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि घर में अवैध तरीके से कारों में गैस रिफिलिंग का धंधा चल रहा था।
रविवार शाम करीब 7.30 बजे नगर के जेवर अड्डा चौराहा स्थित कांप्लेक्स के पास एक मकान में जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल गए। मौके पर लोगों ने देखा तो रसोई गैस का सिलेंडर दो टुकड़ों में फटा पड़ा था। मकान की दीवारें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। कमरे के अंदर से धुआं उठ रहा था। पुलिस ने मकान के निचली मंजिल से करीब दर्जनभर रसोई गैस सिलिंडर बरामद किए। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान में गैस रिफिलिंग का अवैध कारोबार चलता है। देर शाम तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।