पेड़ से बांधकर महिला को पीटने पर ग्राम प्रधान को नोटिस
- 10 मार्च को महिला को पेड़ से बांधकर की थी पिटाई
- सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अफसरों ने ली थी सुध
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। स्याना क्षेत्र के गांव में महिला को पेड़ से बांधकर पीटने के मामले में ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया है। डीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में स्पष्टीकरण डीपीआरओ को देने के आदेश दिए हैं।
10 मार्च को स्याना क्षेत्र के गांव में एक महिला को उसके पति ने पंचायत के आदेश पर अवैध संबंधों के शक में पेड़ से बांधकर चमड़े की बेल्ट से निर्ममता से पीटा था। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर अफसरों ने सुध ली और डीएम के आदेश पर तीन नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीएम ने अब पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान रंजना देवी को संयुक्त ग्राम पंचायत अधिनियम की धारा 95 (1) छह (तीन) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीएम ने नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में नोटिस का जवाब डीपीआरओ को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में डीपीआरओ को जवाब देने के आदेश दिए हैं। डीएम ने प्रधान को फटकार लगाई कि ग्राम प्रधान के गांव में मौजूद होने पर भी ऐसी घटना घटित होती है तो यह कार्यशैली पर बड़ा प्रश्न चिन्ह लगाता है। डीएम ने ग्राम प्रधान को चेतावनी दी है कि अगर आवश्यकता पड़ी तो ग्राम प्रधान को पद से हटाते हुए कार्य सुचारु रखने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा।