जुए में हारा पत्नी व दो बच्चे, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
- वर्ष 2015 का मामला, पीड़िता ने नगर पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति जुए में अपनी पत्नी व दो बच्चों को भी हार बैठा। जिसके बाद जुए में जीतने वाला आरोपी व्यक्ति एक बच्चे को अपने साथ ले गया। मामले में पीड़िता ने कई बार नगर कोतवाली पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं अब पीड़िता ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के धमैड़ा अड्डा क्षेत्र निवासी महिला ने सीजेएम के आदेश के बाद नगर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2012 में उसका निकाह भूड़ क्षेत्र निवासी युवक मोहसीन के साथ हुआ था। निकाह के बाद उसने दो पुत्रों को जन्म दिया। उसके पति को जुआ खेलने की लत थी। आरोप है कि सितंबर 2015 में उसका पति जुआ खेलते वक्त बाजी में उसे व उसके दोनों बच्चों को हार गया था। इसके बाद जुए में जीतने वाला व्यक्ति इमरान निवासी अलीगढ़ तीन बदमाशों के साथ उसके घर पहुंच गया ओर जबरन उसे व उसके बच्चों को अपने साथ ले जाने लगा। परिजनों व अन्य लोगों ने बीच बचाव किया, लेकिन उसे दबाव में अपने एक पुत्र को आरोपी जुआरी को सौंपना पड़ा। इसके बाद पीड़िता ने अपने पति मोहसिन को तलाक दे दिया था और एक अन्य व्यक्ति से शादी कर ली थी। पीड़िता ने बताया कि उसने अपने बच्चे को वापस पाने के लिए नगर पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जिसके बाद पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी पति मोहसिन, जुआरी इमरान व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------