वृद्धा रेप प्रकरण: आरोपी घूम रहे खुलेआम, पुलिस दबिश देने में भी नाकाम
खुर्जा। थाना क्षेत्र के गांव निवासी वृद्धा के साथ दुष्कर्म, मारपीट व गुप्तांगों पर चोट पहुंचाने वाले आरोपियों के खिलाफ देर रात पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। लेकिन, खुलेआम घूम रहे आरोपियों को अभी तक भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
बता दें कि शनिवार को वृद्धा की बेटी ने एसपी देहात को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि गांव निवासी 11 आरोपियों ने गत 12 मार्च को उसी गांव में रह रही उसकी मां के साथ जमकर मारपीट की थी। इस दौरान एक आरोपी ने उसकी मां के साथ दुष्कर्म किया और डंडों से उसकी मां के गुप्तांग पर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। गंभीर हालत में उसकी मां को खुर्जा सरकारी अस्पताल से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर उसकी मां ने सारी घटना बताई। आरोप था कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। मामले में एसपी देहात के आदेश पर शनिवार देर रात पुलिस ने गांव निवासी आरोपी अंजू, बालकिशन, ओमवीर, सत्यप्रकाश, मुकेश, नेमपाल, विक्की, कविता, बत्तो, सुधा व खन्नो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया की 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध जान पड़ रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।