शादी समारोह में आई महिला के जेवरात व नगदी चोरी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में जेबकतरों के खिलाफ पुलिस का सरल रवैया आम जनता के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। नगर के दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में शामिल होने आई महिला के बैग से जेबकतरों ने लाखों के जेवरात व नगदी चोरी कर ली। आरोपी का अभी तक कोई सुराग नहीं र्है।
गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र निवासी महिला रेखा पत्नी अरुण कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनके भतीजे की दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह अपने पति व बच्चों के साथ आईं थी। देर रात जयमाला का कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन्होंने अपने पहने हुए जेवरात उतार कर बैग में रख लिए थे। जब वह बैंक्वेट हॉल से बाहर निकलकर आईं और कार में सवार होकर घर जाने के लिए निकलीं तो उनकी नजर अपने बैग पर गई। बैग को किसी धारदार चीज से काटा गया था। साथ ही बैग में रखे उनके सोने के आभूषण व 20 हजार रुपये की नगदी भी गायब थी। पीड़िता वापस बैंक्वेट हॉल पहुंची और रिश्तेदारों को पूरी घटना बताई। काफी खोजबीन के बाद भी अज्ञात आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका । पीड़िता ने मामले में जल्द ही तहरीर थाने में देने की बात कही है। वहीं पुलिस भी मामले की जानकारी होने से इंकार कर रही है।