महिला सिपाही की स्कूटी चुराकर भाग रहे दो चोर दबोचे
शिकारपुर । सलेमपुर थाने में तैनात महिला सिपाही की स्कूटी चुराकर भाग रहे चोर रंगे हाथ पकड़ा गए। सीओ कार्यालय में तैनात महिला सिपाही के पति ने पकड़कर चोरों को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों चोरों को जेल भेज दिया।
बागपत जनपद के बलैनी निवासी दीपक चौधरी शिकारपुर स्थित सीओ कार्यालय में बतौर मुंशी तैनात हैं। जबकि उनकी पत्नी सोनिया चौधरी निवासी बड़ौत सलेमपुर थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। शनिवार शाम लगभग 6 बजे दीपक अपनी ड्यूटी पूरी कर कार्यालय परिसर स्थित आवास की ओर आ रहा था। तभी दो चोर उनके आवास के बाहर खड़ी उनकी पत्नी की स्कूटी को लेकर जाते दिखाई दिए। उन्होंने शोर मचा कर अन्य लोगों के सहयोग से चोरों को रंगे हाथ दबोच लिया। धुनाई करने के बाद चोरों को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। एसएचओ केएल शर्मा ने बताया कि दीपक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों चोर अमीरुद्दीन उर्फ भोला पुत्र यूसुफ तथा संतोष पुत्र चरन सिंह निवासी करैना कोतवाली शिकारपुर को जेल भेज दिया गया।