सफेद चावल के काले खेल का भंडाफोड़!
- मंडी से फर्जी बिल्टी पर कालाबाजारी के लिए जा रहा था 15 टन चावल
- बिल्टी में गेहूं दर्ज, जांच में मिला चावल, अफसर जांच में जुटे
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। सफेद चावल के काले कारोबार का बृहस्पतिवार को भंडाफोड़ हो गया। इसका पता तब चला जब अफसरों ने चेकिंग के लिए गाड़ी रोकी तो चालक ने गेहूं भरा बताया, लेकिन मौके पर जांच में चावल पाया गया। फिलहाल अफसर यह जांच करने में जुटे हैं कि चावल कहां से और कैसे लाया गया। वहीं सूत्र चावल को सरकारी राशन का बता रहे हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम के आदेश पर वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने एक गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका। गाड़ी चालक ने अफसरों ने मंडी की बिल्टी और गाड़ी में गेहूं भरा होना बताया। अफसरों को मामला कुछ संदिग्ध लगा तो उन्होंने एडीएम वित्त को जानकारी देते हुए आपूर्ति विभाग के अफसरों से जांच कराने की बात कही। जिसके बाद मौके पर पहुंचे आपूर्ति विभाग के अफसरों ने कागजों की जांच करते हुए पाया कि मंडी से गाड़ी में 305 कट्टे की एक बिल्टी कटी हुई है। बिल्टी में कट्टों में गेहूं होना दर्ज पाया गया। अफसरों ने गाड़ी को खोलकर मौके पर जांच की तो उसमें चावल भरा पाया गया।
60 किलो की पैकिंग कर भरा गया था चावल
- पकड़ी गई चावल से भरी गाड़ी में चावल को निजी कंपनी के 60 किग्रा के कट्टों में भरकर पैक किया गया था। जानकारी के अनुसार किसी भी निजी कट्टे की पैकिंग मशीन द्वारा नहीं की जा सकती है, जबकि चावल के कट्टे मशीन से पैक किए गए थे।
कोट-
वाणिज्य कर अफसरों ने गाड़ी पकड़ी थी। फिलहाल आपूर्ति अफसरों को मामले में जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
- ब्रजेश कुमार, एडीएम वित्त
वाणिज्य कर अफसरों ने गाड़ी को पकड़ा था। सूचना पर मौके पर जांच में चालक ने गेहूं की बिल्टी दिखाई है। जबकि मौके पर चावल भरा हुआ था। चावल कहां से आया इसकी जांच की जा रही है। राशन का चावल है या नहीं यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
- केबी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी