सिंभावली चीनी मिल के तीन प्रबंधकों पर मुकदमा दर्ज
स्याना। सहकारी गन्ना विकास समिति स्याना के सचिव जीपी गोस्वामी ने सिंभावली शुगर मिल के तीन प्रबंधकों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
स्याना कोतवाली पुलिस ने मिल के मुख्य प्रबंधक करन सिंह, प्रधान प्रबंधक वित्त अनुरुद्ध गुप्ता व प्रधान प्रबंधक गन्ना सुधीर कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 117, 118 व 120बी सहित कई धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। गन्ना समिति सचिव जीपी गोस्वामी का कहना है कि पेराई सत्र 2017-18 का 12 फरवरी तक सिंभावली शुगर मिल द्वारा 1820.19 लाख रुपये का किसानों का गन्ना भुगतान तथा गन्ना समिति का 43.96 लाख रुपये, 26.90 लाख रुपये कमीशन सहित विलंब देय ब्याज बकाया है। उप गन्ना आयुक्त, डीएम बुलंदशहर, कमिश्नर मेरठ द्वारा निर्देश देने के बाद भी मिल ने भुगतान नहीं किया। यह गन्ना उत्पादक किसानों के साथ विश्वासघात, धोखाधड़ी व आर्थिक शोषण के दायरे में आता है। कोतवाल अल्ताफ अंसारी का कहना है कि मुकदमे में विवेचना शुरू कर दी है।