तीन बीडीसी लापता, अपहरण की आशंका
- दो बीडीसी सदस्यों के परिजनों संग एसपी देहात से मिले सपाई
- एक बीडीसी सदस्य के परिजनों ने डिबाई कोतवाली में दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। दानपुर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव मामले में नया मोड़ सामने आया है। संदिग्ध परिस्थितियों में ब्लॉक के तीन बीडीसी सदस्य लापता हो गए हैं। सपा पदाधिकारियों व परिजनों ने मामले में सत्ता पक्ष व ब्लॉक प्रमुख पक्ष पर बीडीसी सदस्यों के अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले में जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
बता दें कि ब्लॉक प्रमुख दानपुर मंजू देवी की कुर्सी पर संग्राम थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। गत दिनों कुछ बीडीसी सदस्य ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ खड़े थे, जिन्होंने अविश्वास प्रस्ताव की मांग की थी। मामले में डीएम ने जांच बैठा रखी है। वहीं अब मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बीडीसी सदस्य वीरेंद्र सिंह पुत्र बादशाह सिंह की मां पार्वती देवी ने बताया कि उनके बेटे को 12 जनवरी की शाम ब्लॉक प्रमुख पति व उनके साथी जबरन घर से उठाकर ले गए और जल्द ही छोड़ने की बात कही, लेकिन अभी तक उनका बेटा वापस नहीं लौटा है। दूसरी ओर अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बगठारी निवासी बनी सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी भुमिया देवी भी बीडीसी सदस्य हैं। आरोप है कि 12 जनवरी को ब्लॉक प्रमुख पति व उनके साथी उनकी पत्नी व पुत्री को उठा कर ले गए थे। कुछ देर बाद उनकी बेटी को छोड़ दिया गया लेकिन उनकी पत्नी का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। दोनों ही बीडीसी सदस्यों के परिजनों ने रविवार को सपा पदाधिकारियों के साथ एसपी देहात से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। इस अवसर पर सपा जिला महासचिव बादल यादव, हरीश लोधी, हाजी अख्तर, चिंटू मौजूद रहे। वहीं डिबाई के दानगढ़ निवासी विष्णु कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका भाई सुखवीर बीडीसी सदस्य है। आरोप है कि उसके भाई को सत्ता पक्ष व ब्लॉक प्रमुख पति ने अपने साथियों संग अगवा कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख पति से जब उसने इस बाबत पूछा तो उन्होंने उसका पीटकर भगा दिया। वहीं मामले में जब ब्लॉक प्रमुख से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका है।
कोट..
तीनों बीडीसी सदस्यों की तलाश के लिए टीमों को लगा दिया गया है। जल्द ही तीनों को बरामद कर लिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। - पीके तिवारी, एसपी देहात
पुलिस प्रशासन सत्ता पक्ष के दवाब में कार्य कर रहा है। बीडीसी सदस्यों के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद ही तीनों बीडीसी का अपहरण किया गया है। पुलिस अगर जल्द बीडीसी सदस्यों को बरामद नहीं करती है, तो सपा पुलिस प्रशासन के खिलाफ लामबंद होगी। - हामिद अली, सपा जिलाध्यक्ष