औद्योगिक क्षेत्र में नाले में मिला शव
- नशे में नाले में गिरने से जताई जा रही मौत की शंका, पुलिस के प्रयासों के बाद भी नहीं हुई शिनाख्त
- पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया।
सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री के पास नाले में युवक का सड़ा-गला शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस के काफी प्रयास करने के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को मॉर्चरी में रखवा दिया।
चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि नेपाल निवासी मान सिंह पुत्र बीरबल ने उन्हें ब्रिटिश फैक्ट्री के पास नाले में शव पड़े होने की सूचना दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। शव पूरी तरह से गल चुका था। आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव का पंचनामा भर मॉर्चरी में रखवा दिया गया। बताया कि मृतक की उग्र करीब 30 वर्ष है संभवत: शराब पीकर नाले में गिरने के कारण युवक की मौत हुई है। पुलिस जांच कर रही है।