अधिवक्ता के बंद घर में चोरी, बाहर तैनात थे गार्ड्स
टीचर्स कालोनी में मंगलवार देर रात पिछले दरवाजे से घुस आए चोर
बंगलूरू गया हुआ है पूरा परिवार, लाखों के नुकसान की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
नगर कोतवाली क्षेत्र की टीचर्स कालोनी निवासी एक अधिवक्ता के मकान से चोरों ने लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। पीड़ित परिजन घटना के वक्त बंगलूरू गए हुए थे। वहीं सिक्योरिटी गार्ड घर के मुख्य द्वार पर मौजूद थे।
मोहल्ला टीचर्स कालोनी निवासी तरुण गुप्ता सेल्स एंड इनकम टैक्स के अधिवक्ता हैं। तीन-चार दिन पूर्व वह अपने परिवार के साथ बंगलूरू गए थे। घर के दरवाजों पर ताले लगे थे और बाहर दो सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात थे। मंगलवार देर रात दोनों सिक्योरिटी गार्ड मुख्य द्वार के बाहर ड्यूटी कर रहे थे। बताया गया कि रात करीब डेढ़ बजे दोनों गार्ड्स को घर के अंदर कुछ आवाजें सुनाई दीं। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घर के बाहरी दरवाजों की एक चाबी गार्ड्स के पास थी। इसके बाद गार्ड्स अंदर घुसे तो चोर पीछे के दरवाजे से भाग निकले। घर का सारा सामान तितर-बितर पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और पीड़ित परिवार को फोन पर सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर घर के पिछले दरवाजे से अंदर दाखिल हुए। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि लाखों रुपये की चोरी होने की आशंका है। पीड़ित मकान मालिक के आने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।