बाजार में बिकने जा रहा बच्चों का निवाला पकड़ा
- पुलिस ने बरामद किए नौ कट्टे चावल और तीन कट्टे गेहूं
- बीएसए का दावा एबीएसए की रिपोर्ट मिलने पर हेडमास्टर होगा निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
डिबाई/दानपुर। क्षेत्र के एक परिषदीय स्कूल से शुक्रवार को बाजार में बिकने जा रहा एमडीएम का राशन पुलिस ने पकड़ा है। मामले का पता चलते ही एसडीएम सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंच गए। बीएसए का दावा है कि एबीएसए की रिपोर्ट मिलने पर हेडमास्टर को निलंबित किया जाएगा।
पुलिस को सूचना मिली कि गांव दौरऊ स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय से एमडीएम का राशन बाजार में बेचने ले जाया जा रहा है। गांव की महिला प्रधान के पति कमल सिंह ने इसकी सूचना एबीआरसी सहित अन्य प्रशासनिक अफसरों को दी। पुलिस ने एमडीएम के नौ कट्टे चावल और तीन कट्टे गेहूं के बरामद कर लिए। सूचना मिलने पर एसडीएम उमा शंकर, तहसीलदार हीरा लाल सैनी, एबीआरसी चंद्र भूषण पांडेय आदि अफसर भी मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने स्कूल के हेडमास्टर को तलब किया।
हेडमास्टर अनिल बोहरा का कहना था कि यह राशन खराब स्थिति में था और उसे बदलने को ले जाया जा रहा था। मगर, कुछ लोगाें ने पूछताछ पर बताया कि एमडीएम का राशन बेचने ले जाया जा रहा था। इस पर एसडीएम उमा शंकर ने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। मौके पर मौजूद एबीआरसी चंद्र भूषण प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए एमडीएम के राशन के बारे में बीएसए और एबीएसए को अवगत करवा दिया है। दौलतपुर चौकी इंचार्ज नवीन भाटी ने बताया कि पुलिस ने 13 कट्टे राशन के कब्जे में ले लिए हैं।
उधर, बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि एमडीएम बाजार में बेचने की सूचना उन्हें प्राप्त हो गई है। हेडमास्टर के खिलाफ जांच कर रिपोर्ट देने के लिए एबीएसए को आदेश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट मिलते ही हेडमास्टर को निलंबित किया जाएगा।