चोरी करते युवक को दबोच कर पुलिस को सौंपा
- नगर कोतवाली क्षेत्र के धमेड़ा अड्डा क्षेत्र की घटना
- पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दजे कर किया चालान
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के धमेड़ा अड्डा से लोगों ने चोरी करते हुए एक चोर को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला निवासी सुलेमान पुत्र इलियास ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार रात वह अपने परिवार के साथ घर पर सो रहे थे। देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ आवाज होने पर उनकी नींद खुल गई। बताया कि घर से एक व्यक्ति बक्से का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर ले जा रहा था। उन्होंने आरोपी शकील को मौके पर पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी का एक अन्य साथी शौकीन भी मौके पर पहुंचा और उसने पीड़ित पर तमंचा तान दिया। साथ ही अपने साथी को छोड़ने की बात कही। शोर सुनकर अन्य परिजन भी उठ गए और आरोपियों को पकड़ने के लिए शोर मचा दिया। शोर सुन अन्य लोगों को आता देख आरोपी शौकीन मौके से धमकी देते हुए फरार हो गया। जबकि दूसरे आरोपी शकील को परिजनों ने दबोच कर पुलिस को सौंप दिया गया। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही आरोपी शकील का चालान किया जा रहा है। दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।