बदमाशों ने चौकी के सामने लूटे कुंडल
- जज कंपाउंड पुलिस चौकी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने की वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब बाइकर्स गैंग ने पुलिस चौकी के सामने ही एक छात्रा के कान से कुं डल छीन लिए और भाग गए।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पन्नीनगर निकट टीचर्स कालोनी निवासी रामस्वरूप पुत्र प्रसादी सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री रेनू बृहस्पतिवार देर शाम करीब सात बजे बाजार दवाई लेने गई थी। जब वह दवाई लेकर वापस घर लौट रही थी तो जज कंपाउंड चौकी के निकट ही दो बाइक सवार बदमाशों ने उसके कान के कुंडल झपट लिए। जब तक वह कुछ समझ पाती आरोपी बाइक सवार दोनों बदमाश बाइक से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी आरोपियों की काफी खोेजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
बता दें कि करीब एक सप्ताह पूर्व बाइक सवार दो बदमाशों ने नगर के सिविल लाइंस स्थित स्टेट बैंक के सामने से रिटायर्ड दरोगा से दो लाख रुपये की नगदी लूट ली थी। पुलिस अभी तक मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। वहीं नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही बाइकर्स गैंग को पकड़ लिया जाएगा।