पेड़ से टकराई रोडवेज बस, एक की मौत
कई यात्री मामूली रूप से हुए घायल
दूसरी बस पकड़कर आगे को हुए रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
नरौरा। बदायूं से दिल्ली जा रही साहिबाबाद डिपो की बस नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई। वहीं करीब छह यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के करीब तीन बजे बदायूं से दिल्ली जा रही साहिबाबाद डिपो की एक बस रतनपुर के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे बस में सवार भूदेव पुत्र यादराम (35) निवासी ग्राम सगराय थाना मुजरिया जनपद बदायूं की मौत हो गई। वहीं, बस में सवार करीब छह अन्य यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल समेत अन्य यात्री पीछे से आ रही दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना हो गए। वहीं, कार्यवाहक थाना प्रभारी अकरम अली ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।