मामा ने नाबालिग भांजी से किया रेप
- डेढ़ साल से बंधक बनाकर कर रहा था वारदात, चौकीदार की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
- किशोरी की सूचना पर पहुंची डायल 100 ने नहीं की थी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
चोला।
नाबालिग भांजी को डेढ़ साल से बंधक बनाकर सगा मामा उसके साथ रेप करता रहा। बड़े मामा के लड़के ने भी किशोरी के साथ रेप की कोशिश की। पीड़िता की सूचना पर डायल-100 गांव में पहुंची, लेकिन बिना कार्रवाई ही लौट गई। गांव के चौकीदार ने जब अधिकारियों को घटना की सूचना दी, तब पुलिस हरकत में आई। पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मामा के खिलाफ दुष्कर्म और बड़े मामा के बेटे के खिलाफ रेप की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की है।
चोला चौकी क्षेत्र के एक गांव के चौकीदार ने चौकी पुलिस को जानकारी दी कि गांव के एक युवक ने अपनी सगी नाबालिग भांजी को बंधक बनाकर रखा है। वह उसके साथ डेढ़ साल से रेप कर रहा है। कुछ दिन पहले किशोरी के बड़े मामा के बेटे ने भी उसके साथ रेप की कोशिश की। किसी तरह फोन हाथ लगने पर किशोेरी ने अपने साथ हो रहे अत्याचार के बारे में 100 नंबर पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि डायल-100 गांव में पहुंची मगर बिना किसी कार्रवाई के लौट गई। सूचना के बाद भी पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर गांव के चौकीदार ने घटना के बारे में स्थानीय चौकी पुलिस को अवगत कराया। साथ ही उसने आलाधिकारियों को भी जानकारी दी। अफसरों के आदेश पर महिला पुलिस के साथ पहुंची स्थानीय पुलिस पीड़िता को पूछताछ के लिए चौकी ले गई। उसके बाद पीड़िता को बुलंदशहर महिला थाने लाया गया। चोला चौकी प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने मामा गुलशन पुत्र छिब्बी के खिलाफ रेप और बड़े मामा के बेटे चंदर पुत्र व्रिजेश के खिलाफ रेप की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोट्स
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - तपेश्वर सागर, प्रभारी कोतवाली देहात