पुलिस मुठभेड़ में उमेश गुर्जर को लगी गोली, गिरफ्तार
- 50 हजार के इनामी अन्नी गुर्जर का भाई है 20 हजार का इनामी उमेश
- पैर में लगी है गोली, पुलिस ने मेरठ के अस्पताल मेें कराया है भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
औरंगाबाद (बुलंदशहर)।
औरंगाबाद पुलिस और स्वाट प्रभारी की लखावटी मध्य गंग नहर पुल पर मुठभेड़ में 20 हजार के इनामी उमेश गुर्जर के पैर में गोली लग गई। उसे मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया है। नोएडा में पिछले दिनों पुलिस मुठभेड़ में घायल वेस्ट यूपी के कुख्यात बदमाश बलराज भाटी गैंग के टॉप शूटर 50 हजार के इनामी अन्नी गुर्जर का बड़ा भाई है उमेश गुर्जर।
अन्नी इन दिनों जेल में बंद है। उसके बाद से उमेश ही व्यापारियों से रंगदारी वसूलता था। उमेश पर नोएडा पुलिस ने 15 हजार और बुलंदशहर पुलिस ने पांच हजार का इनाम रखा था।
शनिवार रात एसओ औरंगाबाद तेज सिंह और स्वाट टीम प्रभारी श्यामवीर सिंह को सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर अन्नी गुर्जर का भाई उमेश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस दौरान पुलिस ने लखावटी मध्य गंग नहर स्थित गांव गंगहारी पुल पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। रात करीब दस बजे बहादुरपुर पसौली गांव की ओर से आती बाइक को पुलिस ने रूकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाश ने दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी चार राउंड फायरिंग की जिसमें एक गोली बदमाश उमेश गुर्जर पुत्र ब्रह्मपाल सिंह निवासी गांव खनौदा थाना औरंगाबाद के दाहिने पैर में लग गई। घायल अवस्था में उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बदमाश की निशानदेही पर बिना नंबर की काले रंग की अपाची बाइक बरामद की है। उमेश पर नोएडा पुलिस ने 15 हजार और बुलंदशहर पुलिस ने पांच हजार का इनाम घोषित कर रखा था। एसओ औरंगाबाद तेज सिंह ने बताया कि बदमाश के पास से एक अपाची बाइक, एक तमंचा, चार कारतूस और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। उमेश की गिरफ्तारी के संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।