हत्या की सूचना पर दौड़ी दो थानों की पुलिस
- मंगलवार रात युवक की गोली मारकर हत्या की मिली थी झूठी सूचना
- वलीपुरा नहर के पास मौके पर पहुंची पुलिस, सूचना देने वाला मोबाइल हुआ स्विच ऑफ
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर।
मंगलवार शाम एक सिरफिरे ने हत्या की झूठी सूचना देकर दो थानों की पुलिस को दौड़ा दिया। पुलिस सूचना पर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। सूचना देने वाले का नंबर मिलाया तो वह स्विच ऑफ आया। पुलिस अब फर्जी सूचना देने वाले की तलाश में जुटी है।
मंगलवार रात करीब नौ बजे एक व्यक्ति ने 100 नंबर पर पुलिस को फोन किया। उसने कहा कि भूड़ चौराहे की तरफ रजवाहे के निकट एक शराबी व्यक्ति को गोली मार दी गई है। इससे घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। घटना स्थल नगर और कोतवाली देहात क्षेत्र में बताया तो दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने काफी देर तक सूचना देने वाले व्यक्ति पर विश्वास करके छानबीन की तो वहां कोई नहीं मिला। काफी देर तक परेशान होने के बाद पुलिस ने कंट्रोल रूम से सूचना देने वाले का नंबर पूछा और डायल किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। वहां मौजूद लोगों ने किसी भी तरह की घटना होने से इनकार किया। इसके बाद पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। बता दें कि करीब एक माह पहले भी पुलिस को गिरधारी नगर इलाके से कई बार हत्या की झूठी सूचनाएं मिली थीं। पुलिस को रातभर दौड़ना पड़ा था। एक बार फिर हत्या की झूठी सूचना देने वाले को पुलिस ने तलाश करना शुरू कर दिया है।
...