हत्या के मामले में वांछित इनामी बदमाश गिरफ्तार
- दो माह पहले सुपारी लेकर विक्की ने अधेड़ की कर दी थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर/शिकारपुर।
हत्या के मामले में वांछित चल रहे पांच हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने शनिवार सुबह चेकिंग के दौरान धर दबोचा। आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी विक्की के ऊपर सुपारी लेकर हत्या करने का आरोप है।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह 11.30 बजे शिकारपुर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि पांच हजार का इनामी बदमाश रानी वाला चौराहे पर खड़ा है। टीम ने घेरकर आरोपी को दबोच लिया। उसकी पहचान विक्की राणा उर्फ विक्रम राणा निवासी गांव दाऊदपुर थाना हरदुआगंज जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। एसएसपी ने बताया कि नीरज सिंह निवासी ग्राम पलड़ा थाना शिकारपुर अपनी जमीन को अपने छोटे पुत्र मोहित एवं अपने दूसरे पुत्र लोकेश के बच्चों के नाम करना चाहता था। नीरज सिंह शराब पीकर अपने तीसरे लड़के भोजवीर व उसकी पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। इसी बात को लेकर भोजवीर ने अपने तीन साथियों गोल्डी उर्फ विक्रांत निवासी कलाई थाना हरदुआगंज जनपद अलीगढ़, विक्की राणा निवासी दाऊदपुर थाना हरदुआगंज जनपद अलीगढ़ और विकास निवासी जहांगीराबाद को सुपारी देकर छह मई की रात अपने घर बुलाकर सोते समय पिता की गोली मारकर हत्या करा दी थी। इस संबंध में थाना शिकारपुर में एफआईआर दर्ज है। शिकारपुर पुलिस ने 22 मई को मृतक नीरज के पुत्र भोजवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि आरोपी विक्की राणा उर्फ विक्रम राणा लगातार पुलिस गिरफ्त से दूर चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शिकारपुर कोतवाल पीआर शर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।